लोहरदगा में बोले हेमंत सोरेन, भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी Lohardaga News
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लोहरदगा की धरती पर हेमंत सोरेन के आगमन से राजनीतिक तापमान बढ़ने वाला है। हेमंत साेरेन बदलावा यात्रा के तहत लोहरदगा पहुंचे हैं।
लोहरदगा, जासं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को बदलाव यात्रा के तहत लोहरदगा पहुंचे। यहां पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लादकर हेमंत सोरेन का स्वागत किया। लोहरदगा के समाहरणालय मैदान में बदलाव यात्रा के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने चिर परिचित अंदाज में राज्य के मुखिया रघुवर दास के खिलाफ जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि गरीबों को लूटने वाली भाजपा की सरकार को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। झारखंड सरकार गरीब और मूल वासियों की जमीन छीन कर व्यापारियों को देने का काम कर रही है। सरकार ने अलग-अलग कानूनों में बदलाव लाकर गरीबों की जमीन को छीनने का काम किया है। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार जमीन को छीन कर आरएसएस की शाखाओं के लिए जमीन देना चाहती है।
इसमें यह बताया जाएगा कि आदिवासी से आदिवासी को कैसे लड़ाना है, ईसाईयों को कैसे लड़ाना है। इस सरकार को जनता से कोई लेना देना नहीं है। राज्य में जनता सिर्फ शोषण की शिकार हो रही है। यह सरकार सिर्फ पैसे की बात करती है। पैसे के दम पर ही चुनाव जीतती है। यह सरकार झारखंड की खनिज संपदा को लूटने को लेकर कानून में बदलाव कर रही है। आदिवासियों को जंगल से खदेड़ कर बाहर निकालने को लेकर कानून बना दिया है। अब भला आदिवासी रहेंगे तो कहां।
सरकार की नीतियों की वजह से आज इस राज्य में किसानों ने आत्महत्या करना शुरू कर दिया है। हेमंत सोरेन ने कहा कि ऐसे हालात में झारखंडी मोर्चा चुप नहीं रह सकता है। खनिज संपदा से परिपूर्ण झारखंड के लोगों को मिलता क्या है। मेहनत हम करते हैं और फायदा दूसरे राज्य के लोगों को मिलता है। आज पैसे का कोई मोल नहीं रह गया है। सरकार के पूंजीपति साथियों ने बैंकों को लूटकर कंगाल कर दिया है।
बैंकों के पास पैसा नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के कार्यकाल में लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है। हेमंत सोरेन ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट, वन अधिकार अधिनियम, दोहरी नियोजन नीति समेत कई जनविरोधी नीतियां लाकर भाजपा सरकार ने झारखंड की जनता को परेशान कर रखा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा किसी भी हद तक गिर सकती है।
कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम पर राजनीति कर लोगों को भड़काने का काम करने से भाजपा पीछे नहीं रहेगी। ऐसे में सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सत्ता में लौटी तो झारखंडवासियों के दिन बहुरेंगे। किसानों के लिए हर गांव में बैंक खुलेगा और जरूरतमंद को हर तरह का लाभ देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लोहरदगा की धरती पर हेमंत सोरेन के आगमन से राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।
लोहरदगा में विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपनी ओर से प्रत्याशी देने का इशारा तो किया पर मंच से इसका एलान नहीं हुआ। हेमंत सोरेन ने लोहरदगा में बदलाव यात्रा के दौरान जनसभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने का काम किया। झामुमो की बदलाव यात्रा सह जनसभा में विशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चमरा लिंडा भी मौजूद रहे। जनसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो हेमंत सोरेन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर संगठन व चुनाव पर बातचीत कर जरूरी निर्देश दिए।