बच्चों को ससमय करें पोषाहार का वितरण : निरोज
लोहरदगा में पोषाहार का वितरण
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आजीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से बच्चों व गर्भवती महिलाओं के लिए पोषाहार का वितरण बुधवार को किया गया। प्रखंड मुख्यालय के मुस्लिम टोली, विराजपुर, जामुनटोली सहित अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में आलू, चावल, दाल, बादाम व गुड़ का वितरण किया गया। आजीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से सेविका-सहायिकाओं के बीच पोषाहार का वितरण किया गया। जिसे वे बच्चों व गर्भवती महिलाओं के बीच वितरण करेंगे। मौके पर उपस्थित आजीविका महिला ग्राम संगठन के निरोज देवी ने कहा कि केंद्र के सेविका-सहायिका बच्चों के बीच पोषाहार का ससमय वितरण करें, ताकि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार मिलता रहे। प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आजीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से पोषाहार बनाने की सामग्री का वितरण किया जा रहा है। आजीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से पोषाहार वितरण करने पर आंगनबाड़ी केंद्र के सेविका व सहायिकाओं को काफी सुविधा मिल रही है। मौके पर आजीविका महिला ग्राम संगठन के निरोज देवी, सीमा प्रवीन, सुषमा बाड़ा सहित आजीविका महिला ग्राम संगठन के सदस्य मौजूद थे।