लोहरदगा में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, दो घायल
झारखंड के लोहरदगा में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोहरदगा, जेएनएन। शहरी क्षेत्र में सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए 108 वाहन की सहायता से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉ. संजय ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में घायल एवं मृतक सभी बीएस कालेज के छात्र बताए जाते हैं। वे बीएस कालेज के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते थे।
बताया जाता है कि भंडरा निवासी सुकरा उरांव का पुत्र प्रकाश उरांव (24), लातेहार निवासी राम अर्जुन उरांव का पुत्र संजीत उरांव (16), लोहरदगा जिले के सदर थाना के हेसल गांव निवासी अमर उरांव (22) और सेन्हा थाना क्षेत्र के चंदवा गढ़गांव निवासी चंद्रेश उरांव (21) एक ही मोटरसाइकिल से लोहरदगा से सब्जी खरीदकर भंडरा की ओर जा रहे थे। तभी सभी लोग शहरी क्षेत्र के सोबरन टोली के समीप खड़े होकर मोबाइल से बात करने लगे। इसी दौरान लोहरदगा से भंडरा की ओर जा रही अज्ञात बोलेरो ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे चारों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही तड़पने लगे।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना 108 वाहन को दी। जिसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से चारों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने चंद्रेश और अमर को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्रकाश और संजीत को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चारों युवकों के परिचितों की भीड़ सदर अस्पताल में जमा हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच के साथ अागे की कार्रवाई में जुट गई है।