लोहरदगा में सड़क हादसे में व्यवसायी की मौत
Death of Businessman. झारखंड के लोहरदगा में सड़क हादसे में व्यवसायी की मौत हो गई।
लोहरदगा, जेएनएन। झारखंड के लोहरदगा में सड़क हादसे में व्यवसायी की मौत हो गई। यह घटना लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ में सेन्हा थाना क्षेत्र के सेन्हा मस्जिद के समीप की है। घटना के बाद सेन्हा थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किस वाहन से हुई है।
बताया जा रहा है कि लोहरदगा शहरी क्षेत्र के हटिया गार्डन निवासी अरुण कुमार महतो प्रतिदिन की तरह बदला गांव स्थित अपने ईंट भट्ठा में जा रहे थे। वह अपनी मोटरसाइकिल से भट्ठा के लिए निकले थे। इसी दौरान सेन्हा मस्जिद के समीप अज्ञात वाहन ने अरुण कुमार महतो की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही अरुण कुमार महतो की मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन को लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल अरुण कुमार महतो को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ सदर अस्पताल में जमा हो गई। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। सेन्हा थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्यवाही कर रही है। वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।