चुनाव में वोट देने से कोई भी मतदाता नहीं रहे वंचित : उपायुक्त
लोहरदगा के कैरो में लोहरदगा की डीसी ने मतदान केंद्रों का दौरा किया।
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर है। रविवारीय अवकाश के बावजूद उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने कैरो प्रखंड क्षेत्र में बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्था का हाल जाना। उपायुक्त कैरो प्रखंड के गुड़ी गांव स्थित विभिन्न बूथों व कलस्टर का जायजा लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दी। इस क्रम में उन्होंने मतदाताओं से बातचीत कर निर्भिक रूप से अपने चहेते उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि विधानसभा चुनाव में क्षेत्र का कोई भी मतदाता वोट देने से वंचित नहीं रहे। इसे लेकर प्रचार-प्रसार के साथ जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कैरो के बीडीओ-सीओ से कहा कि थाना के साथ समन्वय स्थापित कर प्रखंड अंतर्गत सभी बूथों का निरीक्षण कर अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करें। इस दौरान गुड़ी कलस्टर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने कैरो बीडीओ मनोज कुमार को निर्देश दिया कि कलस्टर में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कर्मियों द्वारा डोर-टू-डोर मतदाता सत्यापन कार्य की जानकारी लेकर संबंधित को आवश्यक निर्देश दी। लोस चुनाव में कैरो प्रखंड के गुड़ी पंचायत अंतर्गत बाघी गांव स्थित बूथ संख्या 166 में सबसे कम वोटिग हुई थी। यहां पर महिला-पुरुषों के मतदान का औसत बढ़ाने की दिशा में काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट देने से कोई भी मतदाता छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए कर्मी व बीएलओ निरंतर जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने बूथ संख्या 163, 164 व 165 का भी निरीक्षण करते हुए सभी कमियों को दुरूस्त करने का निर्देश बीडीओ को दिया। मौके पर बीडीओ मनोज कुमार, कैरो के पंचायती राज पदाधिकारी सुनील चंद्र कुंवर, एएसआई अरविद कुमार आदि मौजूद थे।