लोहरदगा पहुंचे क्रिकेटर सौरभ तिवारी, कहा- क्रिकेट में भविष्य काफी उज्जवल, परिश्रम करें खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सौरभ तिवारी शुक्रवार काे एक जिम का उद्घाटन करने लोहरदगा पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में सफलता की संभावनाएं काफी अधिक हैं।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा शहरी क्षेत्र के टाइनी टास्क विद्यालय के समीप शुक्रवार को प्लेस्ट्रा जिम का शुभारंभ किया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सौरभ तिवारी ने विधिवत रूप से फीता काटकर जिम का शुभारंभ किया। उन्होंने इस जिम के राष्ट्रीय स्तर के होने की बात कही। सौरभ तिवारी ने कहा कि खिलाड़ी के लिए शारीरिक रूप से मजबूत होना बेहद जरूरी है। जब हमारा शरीर मजबूत होता है तो हमारा मन और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। क्रिकेट जैसे खेल में सफलता की संभावनाएं काफी अधिक हैं।
खिलाड़ी परिश्रम करें तो उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए भी खेल में मुकाम पानी का बेहतर अवसर होता है। उन्होंने कहा कि इस जिम में आकर उन्हें एहसास हुआ कि लोहरदगा जैसे शहर में भी लोग अपने शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर काफी गंभीर हैं। अजातशत्रु ने जिम के शुभारंभ को लेकर जो समर्पण दिखाया है, वह निश्चित रूप से यहां की युवा पीढ़ी के लिए एक वरदान का काम करेगी।
सौरभ तिवारी ने कहा कि वे फिलहाल विजय हजारे ट्रॉफी की तैयारी में लगे हुए हैं। अपने खेल को लेकर वे नियमित रूप से अभ्यास करते रहते हैं। कोई भी सफलता बिना परिश्रम और लक्ष्य निर्धारण के नहीं मिल सकती है। सभी युवाओं को अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहने की जरूरत है। अपने शरीर की देखभाल और व्यायाम को लेकर नियमित रूप से समय देना चाहिए।
लोहरदगा के युवाओं के लिए यह जिम बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। इस मौके पर पूर्व विधान पार्षद प्रवीण कुमार सिंह, नवीन पटेल, राजेश महतो, मुकेश दुबे, अभय वर्मा, राजेंद्र खत्री, रितेश कुमार, कनक कुमार, अभय साहू, मुमताज अंसारी, हाजी सज्जाद खान, लाल अरविंद नाथ शाहदेव, निशिथ जायसवाल, अशोक यादव आदि मौजूद थे।