लक्ष्य से 48 फीसद ज्यादा लोगों की हुई कोरोना जांच
जागरण संवाददाता लोहरदगा स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार लोहरदगा में सोमवार
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार लोहरदगा में सोमवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह नौ बजे से कोरोना जांच शिविर शुरू कर दी गई थी। लोहरदगा स्वास्थ्य विभाग को 5000 रैपिड टेस्ट का लक्ष्य मिला था। जिसके विपरित स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य से कहीं अधिक 7395 लोगों के सैंपल की जांच की। जिसमें 7261 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और 134 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य से 48 फीसदी ज्यादा लोगों के सैंपल की जांच की है। जांच अभियान के दौरान लोहरदगा एनएससी में कुल 656 लोगों की जांच की गई। जबकि लोहरदगा प्रखंड में 1135, भंडरा प्रखंड में 1345, सेन्हा प्रखंड में 1448, कुडू प्रखंड में 1604 और किस्को प्रखंड में 1149 लोगों की कोरोना जांच हुई है। कोरोना जांच अभियान को लेकर जिले के अलग-अलग प्रखंडों के लिए नोडल पदाधिकारी चयनित किए गए थे। इस अभियान के तहत स्थिति की वास्तविकता से रूबरू होने के लिए उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, सिविल सर्जन डा. विजय कुमार, कोविड-19 के लोहरदगा नोडल पदाधिकारी डा. शंभू नाथ चौधरी ने अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए जांच अभियान का जायजा भी लिया। लक्ष्य से कही अधिक जांच के लिए उपायुक्त ने कोविड-19 के नोडल पदाधिकारी और उनकी टीम को बधाई दी। अभियान के दौरान साफ तौर पर निर्देश दिया कि एक भी व्यक्ति जांच से नहीं छूटना चाहिए।