नोटबंदी के दो साल होने पर कांग्रेसियों ने पीएम का पुतला फूंका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो साल पहले नोट बंदी को लेकर की गई घोषणा के दो साल पूरे होने पर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने शहर के पावरगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
लोहरदगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो साल पहले नोट बंदी को लेकर की गई घोषणा के दो साल पूरे होने पर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने शहर के पावरगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसियों ने नोट बंदी को आम जनता को परेशान करने वाला बताया। साथ ही भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेसियों ने कहा कि दो साल पहले भारत के प्रधानमंत्री ने एक संवेदनहीन और गलत फैसला लिया था। 15 लाख 41 हजार करोड़ रुपया 500 और 1000 रुपए के नोट को बंद कर दिया गया था। इसके बाद जो देश में हुआ, उसकी सीधी जिम्मेदारी किसी और की नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की ही है। कांग्रेसियों ने कहा कि उस समय प्रधानमंत्री ने इस नोटबंदी के 4 कारण दिए थे। पहला कि ये पैसा कालाधन है। दूसरा उन्होंने कहा था कि इसमें भ्रष्टाचार और अपराध का पैसा है। भ्रष्टाचार इससे खत्म होगा। तीसरा की आतंकवादियों को पैसा नहीं जाएगा और चौथा बाजार के अंदर नकली नोट है। दो साल के बाद प्रधानमंत्री की चारों बातें गलत साबित हुई हैं। ये लोगों का पैसा था, मेहनत मजदूरी से कमाया पैसा था। आम जनता का पैसा था। मजदूरों का, किसानों का, गृहणियों का पैसा था। जिस देश की अर्थव्यवस्था 90 प्रतिशत असंगठित क्षेत्र पर अनऑर्गनाइज्ड सेक्टर पर चलती हो उसमें नकदी की आवश्यकता रहती है। सरकार ने देश को बर्बाद करने का प्रयास किया। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष साजिद अहमद चंगु, कमल केशरी, बीरमत भगत, मोहन दूबे, हाजी सिकंदर, सोनू कुरैसी, कुणाल अभिषेक, अनिल कुमार, मनोज भगत, दीपक महतो, सुमित सिन्हा, सहादत हुसैन, दीपक महतो, जुम्मन अंसारी, तारिक अनवर, विशाल डुंगडुंग, चंद्रशेखर भगत, दीपक ठाकुर आदि शामिल थे।