मौसम का बदला मिजाज, झमाझम बारिश
लोहरदगा में मौसम का बदला मिजाज
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में रविवार को अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाएं चलने के साथ साथ झमाझम बारिश भी शुरू हो गई थी। मौसम का मिजाज बदलने की वजह से दिन के समय ही अंधेरा छा गया था। वाहन चालकों को दिन में ही वाहनों की लाइट जलाकर चलनी पड़ी। अचानक से बादल घिर आए और तेज हवाएं चलने लगी। इसके बाद देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम का मिजाज बदलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर सन्नाटा छा गया। तापमान में अचानक से गिरावट आ गई है। हालांकि इस बारिश को लेकर फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। टमाटर और अन्य फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। टमाटर की फसल लगभग तैयार हो चुकी है। ऐसे में बारिश की वजह से टमाटर की फसल का खतरा भी बढ़ गया है। झमाझम बारिश की वजह से शहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर जलजमाव भी हो गया। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा है। कुल मिलाकर लोहरदगा में स्थिति नारकीय हो चुकी है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। गंदगी और दुर्गंध की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी है। ग्रामीण इलाकों में कच्ची सड़कों का हाल बुरा हो चुका है। इस तेज बारिश और तेज हवा की वजह से आम की रही-सही फसल भी बर्बाद हो गई है। हालांकि मौसम साफ होने के बाद पूरी स्थिति का पता चल पाएगा। कच्ची सड़कों पर चल पाना बेहद मुश्किल साबित होगा। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लॉकडाउन के दौरान पहले से ही परेशानी झेल रहे किसान और व्यापारियों के लिए इस बार बारिश के बाद परेशानी और भी ज्यादा बढ़ गई है। मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।