मिलकर करें बेहतर समाज का निर्माण : मनोरमा
लोहरदगा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लुथरन उच्च विद्यालय में गुरुवार को होप संस्था द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के बच्चों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में बताया गया। मौके पर होप की मैनेजिग ट्रस्टी मनोरमा एक्का ने कहा कि सभी लोग मिलकर बेहतर समाज का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि आज हमारे समाज की वर्तमान स्थिति बहुत बिगड़ चुकी है, ऐसे में हम सभी को आगे आने की जरूरत है। हम सब मिलकर एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। हमारे संविधान ने हम सभी को कुछ विशेष अधिकार दिए हैं जिसमें समता, न्याय, बंधुता और आजादी जैसे अधिकार सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा क कुछ विकृत मानसिकता के लोगों द्वारा बच्चों विशेषकर लड़कियां को प्रताड़ित किया जाता है, जो गलत है। ऐसे में हम सभी को संविधान प्रदत्त अधिकारों व मूल्यों को जानने और समझने की जरूरत है। संविधान के समक्ष हम सभी एक हैं सभी को बराबरी का दर्जा प्राप्त है। किसी के आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार हम में से किसी को नहीं है। इसलिए बच्चे हो या बूढ़े, जवान हो या महिला सभी को उचित सम्मान और आदर देते हुए एक सशक्त राष्ट्र निर्माण में हम सभी को सहयोगी भूमिका निभाने की जरूरत है। मौके पर संविधान की प्रस्तावना को सभी उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा उच्चारित करते हुए संकल्प लिया गया। मौके पर प्रधानाध्यापिका ऊषा कालेन मिज, निरंजन एक्का, इंदू कुजूर, संध्या कुजूर, प्रदीप साहू, बबन मिश्रा, उज्ज्वल कुशवाहा एवं विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद थे।