यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lohardaga News: खलिहान में असामाजिक तत्वों ने लगाई आग, लाखों का धान जलकर राख; कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
लोहरदगा में असमाजिक तत्वों ने किसानों के खलिहान में आग लगा दी। इससे किसानों के लाखों रुपये का फसल जलकर ...और पढ़ें

HighLights
- राजस्व कर्मचारी को ओपा गांव जाने का निर्देश दिया गया
- हमारा लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है- पीड़ित किसान
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र स्थित ओपा गांव के खलिहान में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी, जिससे किसान लाल निरोज नाथ शाहदेव और विजय ठाकुर का लाखों रुपये का धान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, खलिहान से आग की लपटें उठती देख कुछ लोगों ने शोर मचाया। इसे सुनकर गांव के लोग खलिहान की ओर दौड़े और मोटर पंप चालू कर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफल हुए, लेकिन तब तक दोनों का खलिहान में रखा धान का जल गया।
तीन लाख रुपये का फसल जलकर राख
पीड़ित किसान निरोज शाहदेव ने इस मामले में बताया कि सिर्फ हमारा लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया कि आग किसने और किन कारणों से लगाई है, हमें इसकी जानकारी नहीं है। हम लोगों ने इसकी सूचना कुडू अंचलाधिकारी को दी है। इस घटना से दोनों किसान के परिवार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
कुडू सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने क्या कुछ कहा
पीड़ित किसानों ने अंचल प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। मामले में कुडू सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा है कि खलिहान में आग लगने से धान जलने की सूचना मिली है। जिसकी जांच-पड़ताल करते हुए आगे की रिपोर्ट के लिए राजस्व कर्मचारी को ओपा गांव जाने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलते ही मुआवजे के लिए जिला स्तरीय अधिकारी के पास अनुशंसा कर भेज दी जाएगी।
