दो छात्रों की मौत के बाद उबाल, किया सड़क जाम
लोहरदगा शहरी क्षेत्र के सोबरन टोली में सोमवार की देर शाम अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से बलदेव साहू महाविद्यालय के 2 छात्रों की मौत के बाद आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार की सुबह लोहरदगा-बेड़ो-रांची मुख्य पथ को जाम कर दिया।
लोहरदगा : लोहरदगा शहरी क्षेत्र के सोबरन टोली में सोमवार की देर शाम अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से बलदेव साहू महाविद्यालय के 2 छात्रों की मौत के बाद आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार की सुबह लोहरदगा-बेड़ो-रांची मुख्यपथ को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक लोहरदगा-बेड़ो-रांची मुख्यपथ को जाम रखा गया। जिसके कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर के सोबरन टोली के समीप बीएस कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है। विद्यार्थियों ने कहा है कि यह घटना साजिश प्रतीत होती है। इस घटना में छात्र चंद्रेश उरांव और अमर उरांव की मौत हो गई है। घटना की वजह से मृतक छात्रों के परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों छात्र अपने परिवार के लिए एक बड़ी उम्मीद थे। प्रशासन अभिलंब दोषी बोलेरो चालक के विरुद्ध कार्रवाई करें। यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो अनिश्चित काल के लिए लोहरदगा बंद किया जाएगा। साथ ही प्रशासन मृतक छात्रों के आश्रितों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा और एक-एक आश्रित को सरकारी नौकरी भी दे। प्रदर्शनकारियों ने मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है। सड़क जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया था। जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक शैलेश प्रसाद और अनि एस महथा मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करने का प्रयास किया। बावजूद इसके छात्र काफी देर तक अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। थाना प्रभारी ने बड़ी मुश्किल से आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों को समझाया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है। जो भी सरकारी मदद होगी वह दी जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क जाम करना कोई हल नहीं है। यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर हम जागरूकता लाने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों को यह समझना होगा कि दुर्घटना को रोकने को लेकर यातायात नियम का पालन करना आवश्यक है। प्रदर्शन करने वालों में ललिता कुमारी, राजकुमारी कुजूर, सुजाता कुमारी, राजू कुमार, संदीप कुमार खलखो, सुनील लकड़ा, भीम उरांव, प्रियंका ¨मज सहित कई विद्यार्थी शामिल थे।