कोरोना के 12 नए संक्रमित मिले
लोहरदगा में 12 नए मामले मिले।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : जिले में विगत 24 घंटे के भीतर 12 नए संक्रमित मिले हैं। शनिवार की रात एक प्रवासी मजदूर कोरोना पॉजिटिव मिला। जबकि रविवार को 11 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही लोहरदगा जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 पहुंच गई है। इसकी पुष्टि उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने की है। संक्रमित सभी प्रवासी मजदूर हैं। एक साथ 24 घंटे के भीतर 12 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट पर है। शनिवार को संक्रमित मरीज कुडू प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला है। प्रवासी मजदूर कर्नाटक के बेंगलुरू से लोहरदगा आया था। इसके बाद उस मजदूर को सदर अस्पताल में जांच के बाद सैंपल लेकर जांच के लिए संबंधित केंद्र में भेजकर उसे सरकारी क्वारंटाइन में भर्ती किया गया। जहां से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कुडू प्रखंड के चिरी स्थित कोविड केयर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। रविवार को संक्रमित पाए गए 11 मरीज भी प्रवासी मजदूर हैं। जिसमें से कैरो प्रखंड से सबसे अधिक 7, कुडू प्रखंड से 2, सेन्हा प्रखंड से 1 और लोहरदगा प्रखंड क्षेत्र का एक मरीज बताया जा रहा है। एक महत्वपूर्ण बात सामने आ रही है कि कुडू प्रखंड क्षेत्र से संक्रमित पाए गए एक मरीज को विगत 4 जून को उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने की बात कह कर उसे घर भेज दिया गया था। रविवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उस मरीज को फिर से घर से ला कर कुडू स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में रखा गया है। इसके अलावे संक्रमित अन्य मरीजों को भी कोविड-19 केयर सेंटर में रखा गया है। साथ हीं प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री लेते हुए उसके संपर्क में आए लोगों को चिन्हित कर प्रशासन अग्रेतर कार्रवाई की दिशा में जुट गई है। प्रवासी मजदूरों के साथ सरकारी क्वारंटाइन में रह रहे सभी लोगों का सैंपल लेकर फिर से जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ हीं मजदूर के साथ आए सभी लोगों को प्रशासन चिन्हित करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।