लातेहार जंगल में गला रेतकर की युवक की हत्या
सदर थाना अंतर्गत उदयपुरा पोरो झरिया जंगल से शनिवार की रात पुलिस ने
संवाद सूत्र , लातेहार : सदर थाना अंतर्गत उदयपुरा पोरो झरिया जंगल से शनिवार की रात पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान रांची जिला अंतर्गत बारियातू के रोहित राज उर्फ गोलू पिता स्व. सुनील सिन्हा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जंगल में पत्तियों से ढककर लाश छुपाई गई थी। मृतक की हत्या गला रेतकर की गई है। पुलिस ने मृतक की बहन ममता देवी के फर्द बयान के आधार पर लातेहार थाना में केश दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक का विवाह काजल कुमारी से हुआ था। जिससे उसे एक बेटी भी है, लेकिन मृतक ने हिदपीड़ी की रहने वाली एक मुस्लित युवती से भी विवाह किया था जिसे वह अरगोड़ा रांची में रखता था। मृतक उसी का पिकअप वाहन भी चलाता था। 19 जनवरी को मृतक भाड़ा लेकर डाल्टेनगंज गया था और लौटने के क्रम में गायब हो गया। दो-तीन दिनों के बाद उसका पिकअप लोहरदगा जिला अंतर्गत सेना थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद किया गया। मृतक की बहन ने प्राथमिकी में मृतक की दूसरी पत्नी के ऊपर अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर हत्या करने व शव को उदयपुरा जंगल में छुपाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कर शव उसके परिजनों को सौंप दिया व अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापामारी कर रही है।