बूढ़ा पहाड़ और पारसनाथ को नक्सलियों से मुक्त कराएंगे: के विजय
नक्सली अरविंद व सुधाकरण या तो आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटें या गोली खाने को तैयार रहें।
लातेहार/गिरिडीह। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुख्य सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार ने कहा है कि झारखंड स्थित बूढ़ा पहाड़ और पारसनाथ में चल रहा सुरक्षाबलों का ऑपरेशन नक्सलियों को वहां से खदेड़ने तक जारी रहेगा। शीर्ष नक्सली अरविंद और सुधाकरण या तो आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटें या सुरक्षाबलों के जवानों की गोली खाने को तैयार रहें।
विजय कुमार गुरुवार को झारखंड के डीजीपी डीके पांडेय के साथ नक्सल प्रभावित बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जवानों को दिसंबर तक बूढ़ा पहाड़ को नक्सल मुक्त करने का संकल्प दिलाया। साथ ही ऑपरेशन की रणनीति को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
लगभग दो घंटे तक बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में समय व्यतीत करने के बाद दोनों अधिकारी रांची के लिए रवाना हो गए। इससे पहले हेलीकॉप्टर से करमडीह पुलिस पिकेट पहुंचने के बाद मुख्य सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार और डीजीपी मोटरसाइकिल से बूढ़ा पहाड़ गए और जवानों का हौसला बढ़ाया।
बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में झारखंड व छत्तीसगढ़ की पुलिस व सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक अभियान चला रहे हैं। घोर नक्सल प्रभावित इस इलाके में दो हजार से अधिक जवान लगे हैं। माना जा रहा है कि शीर्ष माओवादी अरविंद और सुधाकरण इसी इलाके में छिपे हैं।
पारसनाथ को नक्सलमुक्त करने के निर्देश
गिरिडीह: केंद्र सरकार के नक्सल मामले के वरीय सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार आज गिरिडीह के घोर नक्सल प्रभावित पीरटांड़ के हरलाडीह स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने सीआरपीएफ व पुलिस के बड़े अधिकारियों के साथ नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की। उन्होंने पारसनाथ को नक्सलमुक्त करने के निर्देश दिए।