गर्भवती महिलाओं ने सेविका के खिलाफ किया हंगामा
बरवाडीह प्रखंड के बेतला स्थित भुइयां टोला आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार ।
संवाद सूत्र, बेतला : बरवाडीह प्रखंड के बेतला स्थित भुइयां टोला आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार को गर्भवती और धातृ महिलाओं ने सेविका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आंगनबाड़ी सेविका नीलम सिंह द्वारा गर्भवती महिलाओं को कम राशन देने पर विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने बरवाडीह सीडीपीओ को सेंटर पर बुलाने की मांग करने लगे। सेविका नीलम सिंह ने महिलाओं को बताया कि अभी राशन कम आया है। इसीलिए जितना राशन है उसी में सभी को बांटना है। इस बात सुनकर लाभुक लोग भड़क गए और राशन लेने से इंकार कर दिए। महिलाओं को हंगामा देखकर सेविका नीलम ने पर्यक्षक टुनी देवी को सूचना दी गई। पर्यक्षक टुनी देवी ने मौके पर पहुंचकर सभी लाभुक को समझाते हुए राशन वितरण किया।
गर्भवती महिलाओं ने कम राशन देने का लगाया आरोप : गांव की गर्भवती महिला खतिजा खातून, सरिता देवी, मोनिता देवी, नजमा बीबी, सोनी खातुन, सानिया खातुन, दुर्गा देवी, मरियम देवी, रेहाना खातुन, पुष्पा देवी, कविता देवी, सकीना खातुन, रूबी देवी ने कहा कि चावल दो किलो पांच सौ के जगह एक किलो, दाल पांच सौ की जगह चार सौ ग्राम, गुड पांच सौ ग्राम की जगह तीन सौ ग्राम, मुंगफली पांच सौ ग्राम की जगह दो सौ ग्राम देने पर महिलाओं ने एकजुटता दिखाते हुए राशन लेने से इंकार कर दिया। महिलाओं ने उपायुक्त सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।