सरकारी खरीद बंद, बिचौलिए मनमानी कीमत पर खरीद रहे धान
जागरण संवाददाता लातेहार जिले के ग्रामीण इलाकों में किसानों से बिचौलिए महज 10 से 11 रुपये
जागरण संवाददाता, लातेहार : जिले के ग्रामीण इलाकों में किसानों से बिचौलिए महज 10 से 11 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से धान खरीद रहे हैं। जबकि सरकार ने धान खरीद के लिए 2050 रुपये प्रति क्विटल की दर निर्धारित की है। धान क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मायूस किसान औने -पौने दाम में बिचौलियों के हाथ धान बेचने को विवश हैं। किसानों के धान की खरीद के लिए बिचौलिए खेत खलिहान से ही किसानों के धान का उठाव कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रसूखदार बिचौलिए खुलेआम धान की खरीद कर धड़ल्ले से डंप कर रहे हैं इसके बावजूद प्रशासन बेसुध है। जिससे किसानों के धान की वाजिब कीमत का सरकार का दावा धूमिल हो रहा है। सरकार किसानों के धान की वाजिब कीमत का लाख दावा करे पर गलत नीति के कारण धरातल पर सरकार का दावा खोखला नजर रहा है। जिससे किसान ठगे ठगे से नजर रहे हैं। किसान महमूद खान ने बताया कि खेत में हुए करीब 10 क्विटल धान 1050 रुपए प्रति क्विटल बेच चुका हूं। उन्होंने बताया कि बेचे गए धान से मिले रुपए से धान की बुआई के समय लिए गए कर्ज को किसी तरह चुकता कर लिया। बचे हुए पैसे से खेती में जरूरत की चीजें ले रहा हूं। किसान महेश्वर साव ने बताया कि सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू नहीं की गई है। मुझे पैसे का काम है। इस हालत में 10 क्विटल धान बिचौलिए से एक हजार रूपये प्रति क्विटल बेच दिया। अभी 15 क्विटल धान बचा है, 15 दिनों में सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो इसे भी विवशता में बिचौलिए को ही बेचना पड़ेगा।