विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धुंध ने नेतरहाट को ओढ़ाई जादुई चादर, प्रकृति के हर मोड़ पर पर्यटकों का मन मोह रहा मनोरम दृश्य

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:34 PM (IST)

नेतरहाट इन दिनों घनी धुंध के कारण एक जादुई पर्यटन स्थल बन गया है, जहाँ पर्यटक प्रकृति की सुंदरता और ...और पढ़ें

सड़क के दोनों ओर खड़े पेड़ों के बीच अचानक गायब हो जाता रास्ता।

सड़क के दोनों ओर खड़े पेड़ों के बीच अचानक गायब हो जाता रास्ता।

HighLights

  1. लातेहार में घनी धुंध ने नेतरहाट को जादुई पर्यटन स्थल में बदल दिया है।

  2. पर्यटक धुंध भरी सड़कों पर प्रकृति के अद्भुत दृश्यों का ले रहे आनंद।

  3. वर्षा से धुली हरियाली और ठंडी हवा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही है।

उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार। नेतरहाट इन दिनों सिर्फ घूमने की जगह नहीं, प्रकृति के साथ कुछ घंटे जी लेने का बहाना बन गया है। घनी धुंध ने यहां की पहाड़ियों, जंगलों और सड़कों को ऐसी जादुई शक्ल दे दी है कि आने वाले पर्यटक कुछ दूर चलने के बाद रुक जाते हैं।

कोई मोबाइल का कैमरा निकालता है तो कोई बस सामने पसरे धुंध के संसार को चुपचाप निहारता रहता है। सड़क आगे जाती दिखाई देती है, फिर कुछ ही दूरी पर धुंध में खो जाती है। मानो नेतरहाट हर मोड़ पर कह रहा हो आगे बढ़ो, अभी बहुत कुछ दिखाना बाकी है।

सुबह और दिन के बदलते पहर में यहां का मौसम अपना रंग बदल रहा है। कभी पेड़ों के बीच से सड़क साफ नजर आती है तो अगले ही पल धुंध की सफेद परत उसे अपने आगोश में ले लेती है। ऊंचे पेड़ों की कतारें धुंध के बीच खड़ी दिखाई देती हैं और ऐसा आभास होता है जैसे जंगल के पहरेदार सदियों से इसी सड़क पर आने-जाने वालों का स्वागत कर रहे हों।

जंगल की सड़क बनी आकर्षण का केंद्र

नेतरहाट की घुमावदार सड़क इन दिनों किसी फिल्म के खूबसूरत दृश्य जैसी नजर आ रही है। दोनों ओर ऊंचे-ऊंचे पेड़, नीचे बिछी हरी घास, वर्षा से भीगी लाल मिट्टी और ऊपर से उतरती धुंध।

सड़क की काली चमकती सतह पर पानी की हल्की परत मौसम की ताजगी का अहसास करा रही है। दूर खड़े पेड़ धुंध में आधे दिखाई देते हैं और आधे गायब हो जाते हैं। मानो जंगल ने खुद को रहस्य की चादर में लपेट लिया हो।

मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे यादगार पल

इस दृश्य से पर्यटक खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। वाहन धीमा होते ही मोबाइल कैमरे निकल आते हैं। कोई सड़क और धुंध को एक फ्रेम में कैद कर रहा है तो कोई पेड़ों के बीच खड़े होकर तस्वीरें लेने में जुटा है।

कई पर्यटक कुछ देर वाहन से उतरकर ठंडी हवा और धुंध की फुहारों को महसूस करते नजर आते हैं। यहां की खूबसूरती का आलम ऐसा है कि तस्वीर खींचने वाला भी कुछ पल बाद मोबाइल नीचे कर सामने का दृश्य निहारने लगता है।

यहां हर मोड़ पर प्रकृति का नया फ्रेम

नेतरहाट की खासियत यही है कि यहां मौसम एक जगह ठहरता नहीं है। कुछ कदम आगे बढ़ते ही दृश्य बदल जाता है। कहीं धुंध इतनी घनी कि सड़क आगे दिखाई नहीं देती, तो कहीं अचानक रास्ता खुलता है और पेड़ों की लंबी कतार आंखों के सामने आ जाती है।

वर्षा से धुली हरियाली के बीच उठती मिट्टी की सोंधी महक और ठंडी हवा पर्यटकों के सफर को और खुशनुमा बना रही है। नेतरहाट का यह मौसम मानो सैलानियों से कह रहा हो जल्दी किस बात की है।

थोड़ा ठहरिए अभी धुंध के पीछे एक और खूबसूरत नजारा आपका इंतजार कर रहा है। यही वजह है कि इन दिनों यहां की सड़क पर सफर करना मंजिल तक पहुंचने से कहीं ज्यादा खूबसूरत अनुभव बन गया है।

वाकई नेतरहाट में अदभुत नजारा देखने को मिलता है। यहां विकास को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं।
- संदीप कुमार, उपायुक्त लातेहार।