लातेहार में 38 दिनों से लापता छोटू का जंगल में मिला कंकाल, मोबाइल के लिए हुई थी हत्या
लातेहार में 38 दिन से लापता 16 वर्षीय छोटू कुमार की हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। मोबाइल ...और पढ़ें

जंगल में मिला कंकाल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
लातेहार में 16 वर्षीय छोटू कुमार की हत्या का खुलासा।
मोबाइल छीनने के लिए गला घोंटकर की गई थी हत्या।
एक नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, कंकाल बरामद।
जागरण संवाददाता, लातेहार। मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त से लापता 16 वर्षीय छोटू कुमार की हत्या का पुलिस ने 38 दिन बाद उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने कुमंडीह जंगल स्थित बंशी नाला से उसका कंकाल बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में सिंजो निवासी प्रेमचंद भुइयां (19) और बेलवाटांड़ निवासी शिवम भुइयां उर्फ शिवम कुमार उर्फ श्याम (20) शामिल हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाया गया
मुख्यालय डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि छोटू को मोबाइल छीनने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाया गया था। वहां मोबाइल को लेकर विरोध करने पर आरोपितों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने बंशी नाला जंगल से मृतक का कंकाल बरामद किया। घटनास्थल से मृतक के कपड़े, स्कूल ड्रेस, चप्पल और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान और आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कंकाल की पहचान समेत अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। 38 दिन बाद मामले का उद्भेदन होने से स्वजनों को घटना की जानकारी मिली।
