निजीकरण के खिलाफ रेलवे कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
संवाद सूत्र लातेहार ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन के आह्वान पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी।
संवाद सूत्र, लातेहार : ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन के आह्वान पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन की लातेहार युवा शाखा ने शनिवार को विरोध-प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर प्रसाद ने किया। इसमें शामिल रेल कर्मचारियों ने केंद्र सरकार द्वारा रेलवे के निजीकरण के निर्णय के खिलाफ विरोध जताया। केंद्र सरकार के विरोध में नारे भी लगाए गए। रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर प्रसाद ने कहा कि सरकार आज केवल बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के हितों की चिता कर रही है। इस कोरोना महासंकट में भी रेल कर्मचारी देश में आवश्यक सामग्री की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने सबसे पहले तो मंहगाई भत्ते पर रोक लगा दिया। अब देश के लोकप्रिय स्टेशनों और कमाई वाले रेल रूट पर चलने वाले लगभग 150 यात्री ट्रेनों को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुराने रेलवे कर्मचारियों को छटनी की जा रही है। कई जगह पर मशाल जुलूस व मोटरसाइकिल जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर से लेकर 19 सितंबर तक विरोध प्रदर्शन किए गए। इसके अलावा रेलवे के कई कारखानों, वर्कशॉप और मरम्मती शेड को भी बेचने की तैयारी चल रही है। मौके पर संजीव कुमार, मोहम्मद सनाउल्लाह, सागर कुमार, मुकेश कुमार, अभय राज, अजित कुमार राय, राजू चौरसिया, पूरब तुरी समेत यूनियन से जुड़े कई रेल कर्मचारी मौजूद थे।