चौथे दिन भी हड़ताल पर डटे रहे अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मी
संवाद सूत्र लातेहार अनुबंध पर बहाल पारा मेडिकलकर्मी बीते कई चार दिनों से हड़ताल पर ह।
संवाद सूत्र, लातेहार : अनुबंध पर बहाल पारा मेडिकलकर्मी बीते कई चार दिनों से हड़ताल पर हैं। जारी हड़ताल से न केवल कोरोना से निपटने, बल्कि दूसरी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर भी असर पड़ने लगा है। चार दिनों से सेवा स्थायी करने की मांग को लेकर झारखंड अनुबंध पारा चिकित्साकर्मी संघ के आह्वान पर अनुबंध पर बहाल सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल पर है और अपनी मांगों के समर्थन में सदर अस्पताल के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे है। हड़ताल में गए अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वास्थ्यमंत्री होश में आओ, स्वास्थ्य सचिव नितिन कुलकर्णी गद्दी छोड़ो समेत कई नारे लगाएं। हड़ताल की वजह से कोरोना संक्रमितों का सैंपल संग्रह और जांच प्रभावित हो रही है। इतना ही नहीं अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाएं जो राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित है, उन पर भी प्रतिकूल असर पड़ा हुआ है। हड़ताल से एसएनसीयू, कुपोषित बच्चों का समुचित उपचार, संस्थागत प्रसव, प्रयोगशाला में खून जांच, यक्ष्मा और एड्स यूनिट में मरीजों की जांच और दवा वितरण भी प्रभावित है। सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हड़ताली अनुबंध कर्मियों की वजह से कोई खास असर स्वास्थ्य सुविधाओं पर नहीं पड़ा है। वैकल्पिक व्यवस्था बहाल कर ली गई है। कोरोना जांच की धीमी प्रगति, सैंपल संग्रह की गति में थोड़ी कमी आई है। इस मौके पर डीपीएम विजय कुमार, आशीष डिग, सदर अस्पताल कर्मी पंकज कुमार पांडेय, अमरेंद्र कुमार,पूनम खलखो रेणु बाड़ा, रेणु सुचिता, आंचल कुमारी, दीपा पूर्ति, प्रीति कुमारी मनोज प्रसाद समेत कई कर्मी उपस्थित थे।