हाथियों से ग्रामीण परेशान, वन विभाग से लगाई गुहार
संवाद सूत्र चंदवा (लातेहार) प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जंगली हाथियों ने डेरा जमा लिया है।
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार) : प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जंगली हाथियों ने डेरा जमा लिया है। इससे ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को गांव से जंगल की ओर भगाने के लिए गुहार लगाई है। बताते हैं कि दो जंगली हाथी प्रखंड के सूदरवर्ती पंचायत बरवाटोली के रूद और महुआडीपा में 15 दिनों से जमे हैं। हालांकि अबतक विशेष नुकसान की खबर नहीं आई है। दूसरी ओर दो बड़े और एक बच्चा का समूह एनएच 39 से सटे टुढ़ामू गांव में एक सप्ताह घूम रहा है। कुछ हाथियों का समूह बोरसीदाग (हुटाप) पंचायत में चार दिनों से जमा है। 31 अगस्त की मध्यरात्रि जंगली हाथियों के समूह ने किसान संतोष साव, सुरेश भगत व मनकू उरांव के लगभग दो एकड़ भूमि पर लगी धान की फसल को रौंद दिया। सोमवार को हाथियों का समूह देवनद पुल के समीप विचरण करता दिखा। प्रखंड के आसपास के गांवों में हाथियों के समूह के विचरण से लोग दहशत में हैं।