यूपी के देवरिया का वृद्ध पहुंचा लातेहार, घर भेजे जाने की लगाई गुहार
संवाद सूत्र चंदवा (लातेहार) विश्वनाथ सेवा सदन संचालक और सीएचसी कर्मियों के सहयोग से एक वृद्ध।
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार): विश्वनाथ सेवा सदन संचालक और सीएचसी कर्मियों के सहयोग से एक वृद्ध की जान बची। यूपी से चंदवा पहुंचे असहाय वृद्ध की जान तो बच गई लेकिन उनके स्वास्थ्य में और सुधार के लिए स्वास्थयकर्मियों के साथ परिवार के किसी सदस्य की जरूरत है। इलाज के बाद स्वास्थ्य में हुए सुधार के बाद वृद्ध ने बताया कि उसका नाम रामजी राम, ग्राम छिताही, थाना रुद्रपुर, देवरिया यूपी का है। उसके दो बेटे नितेश राम और बिरकेश राम है। वृद्ध ने स्थानीय प्रशासन, झारखंड व उत्तर प्रदेश सरकार से घर पहुंचाने की गुहार लगाई है। इन दिनों जब पूरे देश में वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आवाजाही पर निषेध है बावजूद उक्त वृद्ध भटकते वहां कैसे पहुंच गया। लोगों की समझ से परे है। बता दें कि 27 जुलाई को देवनद नदी के समीप के लाइन होटल के पास एक असहाय और कमजोर चलने फिरने में असमर्थ वृद्ध व्यक्ति अचेत पड़ा हुआ था। आते-जाते लोगों की नजर उस पर पड़ रही थी मगर किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाना उचित नहीं समझा था। एक मीडियाकर्मी की नजर पड़ने और सोशल मीडिया में खबर सार्वजनिक होने के बाद विश्वनाथ सेवा सदन संचालक प्रेम प्रकाश गुप्ता उनकी सुध लेने वहां पहुंचे थे। इसी बीच सीएचसी प्रभारी डा. निर्मला शांति लकड़ा के निर्देश पर वहां पहुंचे स्वास्थय कर्मियों की टीम वृद्ध को सीएचसी ले आए। जहां वृद्ध का इलाज किया जा रहा है। इस बीच कांग्रेसी नेता बाबर खान, असगर खान ने भी वृद्ध का हाल-चाल जाना। इधर तीन-चार दिनों से स्वास्थय कर्मियों द्वारा लगातार की जा रही सेवा से उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन उनकी बेहतर देखभाल के लिए परिवार के किसी सदस्य की जरूरत है। कोरोना संक्रमण के बीच वृद्ध की निरंतर सेवा स्वास्थय कर्मियों के लिए परेशानी बनी है।