जनता फिर से बनाएगी भाजपा की सरकार : यदुनाथ
बालूमाथ : राज्यसभा सदस्य सह अल्पसंख्यक मामलों के कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के द्वारा अनुशंसि
बालूमाथ : राज्यसभा सदस्य सह अल्पसंख्यक मामलों के कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के द्वारा अनुशंसित योजनाओं का शिलान्यास रविवार को किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि पूर्व सांसद डॉ.यदुनाथ पाण्डेय शामिल हुए। इस दौरान बालूभांग में योजना चौक से महुआ पेड़ तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि वर्तमान सरकार विकास के नए कीर्तिमान बना रही है, जिससे विरोधी दलों में खलबली मची हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश भर में विकास योजनाओं को गति मिली है, साथ ही औद्योगिक रूप से देश की नई पहचान विश्व भर में बनी है। उन्होंने कहा आगामी चुनाव में भी जनता राज्य से लेकर केंद्र में भाजपा की सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से सुना और जरूरी समस्याओं को नोट कर उसके समाधान कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर रवीन्द्र सिन्हा, सुनील पाण्डेय, संजीव सिन्हा, कामेश्वर भोक्ता, गोपाल साव, अवध केशरी, मनोज केशरी, पिन्टु केशरी, सरयू पाठक, प्रमेश पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे।