विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार में रेलवे लाइन सर्वे पर खूनी बवाल, दो गुटों के बीच मारपीट; ग्राम प्रधान समेत 2 घायल, गांव में पुलिस बल तैनात

Published: Fri, 10 Jul 2026 05:55 PM (IST)

लातेहार के आरागुंडी गांव में रेलवे लाइन सर्वे को लेकर ग्रामीणों के दो गुटों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें ग्राम ...और पढ़ें

लातेहार में रेलवे लाइन सर्वे पर बवाल, टीम को बनाया बंधक। जागरण

लातेहार में रेलवे लाइन सर्वे पर बवाल, टीम को बनाया बंधक। जागरण

HighLights

  1. रेलवे लाइन सर्वे को लेकर ग्रामीणों में झड़प हुई।

  2. ग्राम प्रधान सहित दो लोग लाठी-डंडों से घायल हुए।

जागरण संवाददाता, लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव में डीवीसी तुबेद कोल परियोजना से कोयला परिवहन के लिए प्रस्तावित रेलवे लाइन के सर्वे को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हो गया। सर्वे करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा।

इस दौरान गांव दो गुटों में बंट गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें ग्राम प्रधान पीतांबर यादव और सुरेंद्र उरांव घायल हो गए। सूचना मिलने पर लातेहार पुलिस मौके पर पहुंचकर सर्वे टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, सर्वे टीम बिना पूर्व सूचना और ग्रामसभा की अनुमति के गांव पहुंची थी। विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पारंपरिक पड़हा राजा व्यवस्था लागू है और ग्रामसभा की स्वीकृति के बिना किसी भी प्रकार का सर्वे या ड्रोन से मापी नहीं होने दी जाएगी।

उनका आरोप है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी ने स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना सर्वे शुरू करने का प्रयास किया, जिसके कारण विवाद उत्पन्न हुआ।

समर्थन और विरोध में बंटे ग्रामीण

रेलवे लाइन के समर्थन में खड़े नंदकिशोर यादव, जितेंद्र यादव, पीतांबर यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल केवल प्रारंभिक सर्वे का कार्य किया जा रहा है।

उनका कहना है कि सर्वे पूरा होने दिया जाना चाहिए और आगे की प्रक्रिया गांव के सभी लोगों की सहमति से तय की जाएगी। वहीं विरोध कर रहे सुरेंद्र उरांव, शिवनाथ उरांव, विजय उरांव, जीतन उरांव, मंगलदेव उरांव, उर्मिला देवी, राजेश उरांव और सरिता सेवी समेत अन्य ग्रामीणों ने दोहराया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी भी कीमत पर सर्वे नहीं होने दिया जाएगा।

तीन थानों की पुलिस पहुंची, स्थिति नियंत्रण में 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में लातेहार, चंदवा और बालूमाथ थाना की अतिरिक्त पुलिस टीम भी गांव पहुंच गई।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सर्वे टीम को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव और आसपास के इलाके में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

इस संबंध में अंचल अधिकारी नंदकुमार राम ने कहा कि गांव के ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया गया है। गांव से पुलिस फोर्स हटा लिया गया है।

आरागुंडी गांव में मारपीट और विवाद की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लातेहार अंचल अधिकारी को दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त निगरानी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। गांव के लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

-दिनेश कुमार, एसडीएम लातेहार।