आदिवासियों को फुसलाकर वोट की राजनिति होगी बंद : विदेश्वर
आदिवासियों को फुसलाकर वोट की राजनिति होगी बंद विदेश्वर संवाद सूत्र लातेहार जिला मुख्यालय स्थित बजरंग होटल के सभागार में बुधवार को भारतीय जनता प
संवाद सूत्र, लातेहार: जिला मुख्यालय स्थित बजरंग होटल के सभागार में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रमंडलीय स्तरीय बैठक की गई। बैठक में मुख्य रूप से अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विदेश्वर उरांव उपस्थित हुए। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों को बहला फुसलाकर अब तक की अन्य पार्टीयों ने वोट की राजनीति की है। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण को राज्य की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए किया गया है। झारखंड में झामुमो, कांग्रेस नहीं चाहती कि गरीबों के जीवन में खुशहाली आए। गांव में स्कूल-कॉलेज खुलने से बच्चे पढ़-लिख लेंगे तो इनकी राजनीतिक दुकानें बंद हो जाएंगी। वे अपने स्वार्थ के लिए राज्य को पीछे धकेलना चाहते हैं। भाजपा इनकी तरह वोट बैंक की राजनीतिक नहीं करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक कार्य किए है। गरीबों के आवास, गैस कनेक्शन, बैंक खाता, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री समेत कई माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। सरकार ने युवाओं को कौशल विकास कार्यों से जुड़कर मुद्रा लोन देकर उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सह प्रमंडलीय प्रभारी अवधेश सिंह चेरो ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 60 वर्षो में जितना विकास हुआ है उतना विकास हमारी भाजपा की सरकार ने पांच वर्षों में कर दिखाया है। बैठक में आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर सभी को जिम्मेवारी दी गई। इस मौके पर मनिका विधानसभा प्रभारी देवमोहन सिंह, जिला प्रभारी मंजू सिंह, अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह,पलामू जिलाध्यक्ष यदुवंशी सिंह, गढ़वा महामंत्री देवनारायण सिंह, परशुराम लोहरा, जितेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।