राज्य में हो रहा शांति के साथ विकास : नीलकंठ
जागरण संवाददाता लातेहार संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा रविवार
जागरण संवाददाता, लातेहार: संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा रविवार को लातेहार पहुंचे एवं जिले के विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मंत्री मुंडा ने कहा कि झारखंड राज्य निर्माण के बाद राज्य की जनता ने जो विकास के सपने देखे थे उसे पूरा करने का कार्य मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार कर रही है। जिसका प्रतिपफल है कि वर्तमान समय में पूरे राज्य की जनता का भरोसा राज्य सरकार पर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य के पिछड़ेपन का कारण पूर्व की सरकारों द्वारा सिर्फ योजनाओं की घोषणाएं एवं शिलान्यास करना ही था एवं जनता को छलने का कार्य किया। लेकिन भाजपा की सरकार जिस योजना का शिलान्यास करती है उसे धरातल पर उतारकर विधिवत उद्घाटन भी करती है। इससे राज्य में चहुमुंखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलवाद एवं उग्रवाद के कारण विकास बाधित हो रहे थे। हमारी सरकार शांति व्यवस्था स्थापित कर राज्य का विकास करने की ठानी एवं नक्सलवाद एवं उग्रवाद पर प्रहार करते हुए राज्य के अंतिम गांव पहुंचाने का कार्य किया। मंत्री श्री मुंडा ने कहा कि राज्य में 8 लाख 50 हजार प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति मिली जिसमें लगभग 5 लाख 50 हजार से भी अधिक आवास निर्माण कर दिया गया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास निर्माण में झारखंड राज्य देश का चौथा राज्य है। उन्होंने कहा कि 2022 तक सभी आवास विहीन व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर लातेहार विधायक प्रकाश राम, मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह, उप विकास आयुक्त माधवी मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामणि तिर्की,आइटीडीए निदेशक विदेंश्वरी ततमा,डीआरडीए निदेशक पंकज कुमार सिंह, एसडीओ सागर कुमार,जिला बीससूत्री उपाध्यक्ष राजधनी प्रसाद यादव समेत अधिकारी,जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
न्यू टाउन हॉल का किया उद्घाटन :
न्यू पुलिस लाइन के समीप बने टाउन हॉल का संसदीय कार्य एवं जिला ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा द्वारा टॉउन हॉल का विधिवत नारियल फोड़ कर उद्घाटन किया गया।
3 करोड़ 54 लाख, 45 हजार 2 सौ की परिसंपत्तियों का हुआ वितरण
संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान 11 सौ 64 लाभुकों के बीच 3 करोड़ 54 लाख, 45 हजार 2 सौ की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें 25 सौ सखीमंडल महिला समूह को एक लाख का क्रेडिट लिकेज राशि 2 करोड़ 50 लाख,जिला कृषि कार्यालय एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा 1 करोड़ 2 लाख चार हजार की राशि से 682 लाभूकों के बीच पंपसेट वितरण , 107 आंगनबांड़ी केन्द्र में प्रेशरकुकर का वितरण, कृषि विभाग द्वारा 75 लाभुकों के बीच सब्जी किट का वितरण एवं प्रधानमंत्री उज्जवला योजना अंतर्गत 50-50 लाभुकों के बीच गैस चूल्हा का वितरण किया गया।