गांधी जयंती पर लगी जेल अदालत, दो अभियुक्तों को किया रिहा
संवाद सूत्र लातेहार महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर बुधवार को मंडल कारा लातेहार में
संवाद सूत्र, लातेहार : महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर बुधवार को मंडल कारा लातेहार में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस जेल अदालत में 15 वर्ष पुराने एक वाद समेत दो वादों का निष्पादन करते हुए दो अभियुक्तों को कारा से मुक्त किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार के अध्यक्ष विष्णु कांत सहाय थे। इसके अलावा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मोहम्मद तौफीक अहमद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार के सचिव कमला कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी लातेहार राहुल कुमार एवं कारा अधीक्षक मेंशन बरवा उपस्थित थे। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशश्री विष्णु कांत सहाय ने उपस्थित काराधीन बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सुविधाओं तथा कैदियों से संबंधित अन्य नियमों की जानकारी दी। इस दौरान स्वच्छता अभियान पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला जज ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस कार्यक्रम का मंच संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के द्वारा किया गया। तथा कार्यक्रम का समापन जेल अधीक्षक लातेहार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस मौके पर मंडल कारा लातेहार के सहायक कारा पाल सोनू कुमार समेत कैदी उपस्थित थे।