विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सिटी स्कैन के लिए नहीं लगानी पड़ेगी दूसरे जिलों की दौड़, लातेहार सदर अस्पताल में जल्द मिलेगी सुविधा

Published: Wed, 13 May 2026 02:03 PM (IST)

लातेहार सदर अस्पताल में पहली बार सिटी स्कैन मशीन लगाई जा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को अब जांच के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार। सड़क हादसा होते ही लातेहार जिले में घायल के स्वजनों की पहली चिंता एंबुलेंस नहीं, सिटी स्कैन के लिए दूसरे जिले की दौड़ हुआ करती थी।

घायल मरीज दर्द से कराहता रहता था और स्वजन इस चिंता में टूट जाते थे कि आखिर जांच कहां होगी। लेकिन अब तस्वीर बदलने वाली है। लातेहार सदर अस्पताल में पहली बार सिटी स्कैन मशीन लग रही है। यानी अब गंभीर मरीजों की जिंदगी रेफर व इंतजार के बीच नहीं झूलेगी।

अस्पताल में बढ़ी हलचल, दिन-रात चल रहा काम

सदर अस्पताल परिसर इन दिनों किसी तकनीकी केंद्र जैसा नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आई विशेषज्ञों की टीम मशीन इंस्टॉल करने और जरूरी ढांचा तैयार करने में जुटी हुई है। दीवारों के भीतर वायरिंग बिछ रही है, कंट्रोल रूम तैयार हो रहा है और मशीन फिटिंग का काम तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अगले दो माह में यह सुविधा शुरू हो सकती है।

Latehar Sadar Hospital

(सिटी स्कैन मशीन इंस्टॉल करने के लिए सदर अस्पताल लातेहार में चल रहा निर्माण कार्य। जागरण)

अब तक जांच से पहले टूट जाती थी हिम्मत

लातेहार में अब तक सबसे बड़ी मुश्किल यह थी कि गंभीर मरीजों की सही जांच के लिए रांची या डालटनगंज जाना पड़ता था। गरीब परिवारों के लिए यह सफर इलाज से ज्यादा भारी साबित होता था।

कई बार मरीज रास्ते में ही जिंदगी हार जाते थे, तो कई लोग समय पर जांच नहीं होने के कारण जिंदगी भर की परेशानी झेलते थे। सिर में चोट, ब्रेन हेमरेज व सड़क दुर्घटना के मामलों में हर मिनट कीमती होता है, लेकिन यहां मरीजों का समय सफर में निकल जाता था।

सिटी स्कैन मशीन जिले में उम्मीद की नई रोशनी

सिटी स्कैन मशीन की खबर से मरीजों और उनके स्वजनों के चेहरे पर राहत दिखने लगी है। अस्पताल आने वाले लोग अब कहने लगे हैं कि लातेहार भी धीरे-धीरे बड़े शहरों जैसी सुविधा की तरफ बढ़ रहा है।

डॉक्टरों का मानना है कि मशीन शुरू होने के बाद गंभीर बीमारियों की पहचान तेजी से होगी व इलाज समय पर शुरू हो सकेगा। इससे कई मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

स्वास्थ्य व्यवस्था में आ रहा बड़ा बदलाव

स्वास्थ्य विभाग मशीन के साथ प्रशिक्षित तकनीशियन व विशेषज्ञ व्यवस्था भी तैयार कर रहा है। अस्पताल प्रशासन इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव मान रहा है।

अब तक लातेहार में मरीजों के इलाज से ज्यादा चर्चा रेफर की होती थी, लेकिन आने वाले दिनों में यही अस्पताल गंभीर मरीजों के लिए राहत का सबसे बड़ा केंद्र बन सकता है।

यह भी पढ़ें- गढ़वा में मरीजों को नहीं भटकना होगा कागजात लेकर, अस्पताल होंगे पूरी तरह डिजिटल