लातेहार में नदी पार करते समय बह गए ग्राम प्रधान, पेड़ की जड़ में फंसी मिली बाइक
लातेहार के बरवाडीह में ग्राम प्रधान सकेंद्र सिंह नदी पार करते समय तेज धार में बह गए।
-1788284347115_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
लातेहार के ग्राम प्रधान नदी में बहे।
उनकी बाइक पेड़ की जड़ में फंसी मिली।
सकेंद्र सिंह का अब तक सुराग नहीं मिला।
संवाद सूत्र, बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह प्रखंड की लात पंचायत के मेराल गांव के ग्राम प्रधान सकेंद्र सिंह रविवार को नदी की तेज धार में बह गए।
वह मंडल के साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाली नदी पार करते समय अचानक जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से वह बाइक समेत बह गए।
घटना की सूचना स्वजनों ने छिपादोहर थाना पुलिस को मंगलवार को दी है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने नदी और उसके किनारे काफी खोजबीन की।
इस दौरान नदी किनारे एक पेड़ की जड़ में सकेंद्र सिंह की बाइक फंसी मिली, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया। हालांकि सकेंद्र सिंह का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नदी तथा आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान शुरू किया। तेज बहाव के कारण तलाशी में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का अनुमान है कि पानी की धार उन्हें काफी दूर तक बहा ले गई होगी। इधर सकेंद्र सिंह के स्वजन उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं और नदी किनारे चल रही तलाश के बीच उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।
