झारखंड के लातेहार में पेड़ से लटका मिला प्रेमी जोड़े का शव
लिव इन में रहने वाले एक युगल का शव पेड़ से लटकता पाया गया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पेड़ से शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
लातेहार, जागरण संवाददाता। झारखंड में लातेहार सदर थाना के एक गांव में शनिवार की रात लिव इन में रहने वाले एक युगल का शव पेड़ से लटकता पाया गया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पेड़ से शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। लोग इसे फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला बता रहे हैं।
लातेहार सदर थानेदार कमलेश्वर पांडेय ने बताया कि मृतक युवक पहले से ही शादीशुदा था। इसके बावजूद वह एक महिला के साथ लिव-इन-रिलेशन में था और उसे भी अपने घर में ही रखता था। छह दिन पहले उसकी पत्नी मायके गई थी और शनिवार की सुबह मायके से वापस ससुराल लौट आई। इसके बाद युवक और प्रेमिका में विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर प्रेमिका युवक से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई। प्रेमिका को मनाने रात में ही युवक घर से बाहर गया। इसके बाद सुबह दोनों के शव गांव में एक पेड़ से लटकते मिले। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन कुछ लोग इसे हत्या बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।