झारखंड में ट्रेनों का ठहराव व परिचालन कराएं सीएम : इंद्रजीत
भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत समद ने झारखंड में ट्रेनों का ठहराव नहीं देने के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत समद ने झारखंड में ट्रेनों का ठहराव नहीं देने के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष समद ने कहा कि अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होते ही देशभर में सारी गतिविधियां तेज होने लगी है। लेकिन झारखंड में इसकी रफ्तार देखने को नहीं मिल रही। सबसे ज्यादा परेशानी झारखंड के गरीब एवं पिछड़े वर्गों को हो रही है। झारखंड में ट्रेनों का ठहराव नहीं देकर राज्य सरकार ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। ट्रेन की यात्रा किफायती एवं समयनिष्ठ होने की वजह से लोगों के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी है। झारखंड में ट्रेनों का ठहराव नहीं देने के कारण लोग एक जगह से दूसरी जगह जा पाने में आर्थिक रूप से अक्षम हैं। संपन्न लोग तो निजी वाहन एवं गाड़ी बुककर अपने गंतव्य जा रहे हैं। लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति किराए का निजी वाहन वहन नहीं कर सकते हैं। ऐसे लोग खासकर उपचार आदि के लिए बड़े अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस समस्या पर गौर करें और अनलॉक के तहत दूसरे राज्यों की भांति झारखंड में भी ट्रेनों का ठहराव और परिचालन सुचारू करें। ताकि आम लोग भी सफर कर अपने गंतव्य तक जा सकें।