बीडीओ व वैदिक सोसाइटी के प्रयास से रूका बाल विवाह
लातेहार सदर प्रखंड के इचाक पंचायत के ग्राम हेठलोटो में बाल विवाह का मामला आने पर प्रखंड
लातेहार: सदर प्रखंड के इचाक पंचायत के ग्राम हेठलोटो में बाल विवाह का मामला आने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व वैदिक सोसाइटी के प्रयास ने रंग लाया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमती से बीडीओ गणेश रजक के समक्ष मंगलवार को एकरारनामा कर लड़की के बालिग होने के बाद ही शादी करने पर सहमति जताई। बीडीओ को बाल विवाह की सूचना 11 अप्रैल को मिली थी। बीडीओ ने इसे गंभीरता से लिया व प्रखंड प्रमुख अशोक सिंह और वैदिक सोसाइटी कार्यकर्ता विकास कुमार के साथ लड़की के घर पहुंचे। उन्होंने लड़की के बालिग होने तक विवाह पर रोक लगाई। इसके बाद दोनों पक्षों को उम्र सत्यापन के लिए नोटिस भेजकर 15 अप्रैल को कागजात के साथ बुलाया, जिसमें सिर्फ लड़की पक्ष ही उपस्थित हुआ। लड़की की उम्र की जांच के लिए गठित कमेटी ने उसका उम्र 17 वर्ष 2 माह पाया। इसके बाद पदाधिकारियों के द्वारा 16 अप्रैल को तिथि निर्धारित कर दोनों पक्षों को कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया। जिसमें लड़का एवं लड़की दोनों पक्षों ने पदाधिकारी के समक्ष स्वीकार किया कि हमलोग गलती कर रहे थे जिसे सुधारने का एक मौका दिया जाए। अब हम लड़की के विवाह की उम्र पूरी हो जाने के बाद ही विवाह करेंगे। इसके बाद दोनों पक्षों ने बीडीओ व अन्य पदाधिकारियों के समक्ष इस संबंध में एकरनामा किया। इस मौके पर बाल संरक्षण पदाधिकारी रिना कुमारी, प्रमुख अशोक सिंह, वैदिक सोसाइटी के कार्यकर्ता विकास कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।