बालूमाथ-पांकी मुख्य मार्ग की हालत जर्जर, बड़े-बड़े गड्ढों के कारण जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग
बालूमाथ-पांकी मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब है, जहां जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

बालूमाथ-पांकी मुख्य मार्ग की हालत जर्जर
HighLights
बालूमाथ-पांकी मुख्य मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी सड़क।
वर्षा में गड्ढों की गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल, जोखिम बढ़ा।
स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
संवाद सूत्र, बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ-पांकी मुख्य मार्ग पर सफर अब मंजिल तक पहुंचने का रास्ता कम और धैर्य की परीक्षा अधिक बन गया है। बालूमाथ से हेरहंज के बीच सड़क की हालत ऐसी है कि वाहन चालक को हर कुछ मीटर पर अपनी रफ्तार के साथ किस्मत भी संभालनी पड़ रही है।
सड़क पर जगह-जगह बने विशाल गड्ढे और उखड़ी काली परत राहगीरों की परेशानी का कारण बनी हुई है। तस्वीर में दिख रहा दृश्य सड़क की बदहाली की पूरी कहानी कह रहा है। सड़क के बीच बने गड्ढों और कीचड़ से बचने के लिए यात्री बस को सड़क के एक किनारे से बेहद सावधानी के साथ निकालना पड़ रहा है।
दूसरी ओर सड़क का किनारा भी सुरक्षित नहीं है। कई स्थानों पर मिट्टी और गिट्टी खिसकने से सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में सामने से दूसरा वाहन आ जाए तो चालकों की धड़कन बढ़ जाती है।
वर्षा में बढ़ जाता है हर किसी के लिए खतरा
वर्षा के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और जोखिम भरी है। गड्ढे में पहिया पड़ते ही वाहन असंतुलित होने की आशंका बनी रहती है।
राहगीरों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है। रोशनी कम होने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते और छोटी सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
सड़क पूछ रही सवाल, कब होगा मरम्मत का इंतजार खत्म
बालूमाथ-पांकी मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की बदहाली लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। स्थानीय लोगों की पीड़ा यही है कि विकास की रफ्तार के दावे करने वाली व्यवस्था के सामने यह सड़क खुद अपनी हालत का सवाल लेकर खड़ी है। लोगों ने सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि सफर करते समय हर यात्री को भगवान को याद करने की जरूरत न पड़े।
