विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा घाटी में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया बेकाबू गाड़ी, चालक-खलासी की मौके पर ही मौत

Published: Mon, 27 Jul 2026 07:38 AM (IST)

कोडरमा घाटी में एक भयावह सड़क हादसे में गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रक ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया बेकाबू गाड़ी

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया बेकाबू गाड़ी

HighLights

  1. कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसे में दो की मौत।

  2. अनियंत्रित गिट्टी लदे ट्रक ने खड़े ट्रक को टक्कर मारी।

  3. घाटी हादसों का हॉटस्पॉट, सुरक्षा उपायों की मांग।

जागरण संवाददाता, कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटी के मेघातरी स्थित शेरे हिंद (गिरी होटल) के समीप रविवार को एक भयावह सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। यहां सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रक में गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी भीषण थी कि गिट्टी लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व उपचालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक का नाम साधु यादव और परिचालक का नाम छोटू कुमार है। दोनों नवादा बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद तुरंत कोडरमा थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त वाहन के केबिन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

हादसों का 'हॉटस्पॉट' बनी कोडरमा घाटी

चिंताजनक बात यह है कि कोडरमा घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण लोगों की बेवजह जान जा रही है। तीखे मोड़, अंधाधुंध रफ्तार और नो-पार्किंग क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन इस घाटी को हादसों का 'हॉटस्पॉट' बना रहे हैं। आए दिन यहां हो रही मौतों से राहगीरों और स्थानीय लोगों में गहरा खौफ व्याप्त है।

प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम और नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन न होने के कारण यहां वाहन चालकों की जिंदगी हमेशा दांव पर लगी रहती है। 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटी के खतरनाक मोड़ों पर रेडियम संकेतक बोर्ड लगाए जाएं और सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इन रोज-रोज की मौतों पर अंकुश लग सके।

यह भी पढ़ें- रेलवे ट्रैक से औरंगाबाद की शिक्षिका का शव बरामद, कोडरमा में पेड़ की टहनी टूटने से गयाजी के गैंगमैन की मौत