विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में घरवालों को कमरों में बंद कर एक घंटे तक खंगाला घर, 4 लाख के गहने और कैश साफ

Published: Tue, 08 Sep 2026 01:19 PM (IST)

कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र के डुमरी में चोरों ने दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घरवालों ...और पढ़ें

HighLights

  1. जयनगर के डुमरी में चोरों ने घर में की सेंधमारी।

  2. परिवार को कमरों में बंद कर लाखों के जेवरात उड़ाए।

  3. पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासे का आश्वासन।

संवाद सूत्र, जयनगर (कोडरमा)। कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के डुमरी में सोमवार की रात चोरों ने दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया। तीन-चार की संख्या में पहुंचे चोरों ने पहले पीछे लगे ग्रील का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। 

नीचे के तल्ले में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने के बाद चोर प्रथम तल्ले पर पहुंचे। यहां अलग-अलग कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद करीब एक घंटे तक घर को खंगालते हुए अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब चार लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली

कमरे में बंद लोगों को जब घटना का एहसास हुआ तो उन्होंने मोबाइल के माध्यम से आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाहर से बंद कमरों की कुंडी खोली, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। सूचना पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

गृहस्वामी सतीश यादव ने बताया कि घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और नीचे रखे बक्से का ताला तोड़ने के बाद प्रथम तल्ले पर पहुंचे। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।