कोडरमा में नाबालिग का अर्द्धनग्न शव बरामद, दुष्कर्म की आशंका Koderma News
Jharkhand. रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे नाबालिग का शव मिलने की सूचना के बाद जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।
कोडरमा, जासं। कोडरमा जीआरपी पुलिस ने मंगलवार की सुबह एक 14 वर्षीय अज्ञात नाबालिग लड़की का अर्द्धनग्न शव कोडरमा रेल थाना अंतर्गत रांची-पटना रोड बाईपास स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे रेल ट्रैक से बरामद किया है। नाबालिग का शव कोडरमा-गया अप लाइन के बगल में पड़ा था। शव की हालत देख लड़की के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। लड़की के शरीर से ना तो ज्यादा खून का रिसाव हुआ है और ना ही शरीर में कहीं गहरे जख्म हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि ओवर ब्रिज के नीचे शव को कहीं से लाकर फेंका गया है, ताकि किसी की सहज नजर नहीं पड़े।
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुटी है। इसकी खबर मिलते ही आसपास के लोग भी शव को देखने के लिए जुटने लगे। कई लोगों ने बताया कि इस लड़की को तिलैया शहर में विक्षिप्त हालात में घूमते देखा गया था। बच्ची के पैर में सिर्फ चोट के निशान हैं। कयास लगाया जा रहा है कि लड़की के साथ कुछ गलत हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की गहराई से जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।