स्कूल-कॉलेजों में भी मिलेगा चुनावी ज्ञान
माहौल चुनाव का है तो स्कूल-कॉलेजों में शिक्षण कार्य के साथ छात्र-छात्राओं को चुनावी पाठ भी पढाया जाएगा। कारण अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित कर मतदान केंद्रों तक लाना है। इसके लिए अब पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा। स्वीप कोषांग आयोजनों को लेकर जोरदार तैयारी कर रहा है।
संवाद सहयोगी, कोडरमा: माहौल चुनाव का है तो स्कूल-कॉलेजों में शिक्षण कार्य के साथ छात्र-छात्राओं को चुनावी पाठ भी पढ़ाया जाएगा। कारण अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित कर मतदान केंद्रों तक लाना है। इसके लिए अब पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा। स्वीप कोषांग आयोजनों को लेकर जोरदार तैयारी कर रहा है। इसके लिए कोडरमा स्थित बिरसा सांस्कृति भवन में जिला स्तरीय जिला मास्टर ट्रेनर द्वारा मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डीआरडीए के कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार, सर्व शिक्षा अभियान के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी क्रांति कुमार चांद के द्वारा कोडरमा जिले के सभी प्रखंडों से प्रतिनियुक्त किये गये 8-8 मास्टर ट्रेनरों को चुनावी पाठशाला का प्रशिक्षण दिया गया। इसके तहत खेल-खेल में चुनावी पाठशाला का आयोजन कर लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करना उद्देश्य है। चुनाव पाठशाला सभी मतदान केंद्रों, हाई स्कूलों एवं महाविद्यालय में आयोजित की जायेगी औऱ इसमें लोगों को चुनाव से संबंधित खेल (जैसे-सांप-सिड़ी, अक्षर) का आय़ोजित कर मतदाताओं को जागरुक किया जायेगा। वरीय पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह वन प्रखंड पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव पाठशाला हर प्रखंड में आयोजन किया जाना है। प्रशिक्षण में उपस्थित सभी मास्टर ट्रेनर को चुनाव पाठशाला के माध्यम से लोगों को जागरुक करने का निर्देश दिया गया है। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरुकता हेतु कई अभियान चलाये जा रहे हैं, जिसमें सभी की सहभागिता अहम है। चुनाव पाठशाला के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करने का प्रयास किया जाएगा। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि चुनावी पाठशाला खेल-खेल में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरुक करेंगे। इस मौके पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी को वन प्रमंडल पदाधिकारी ने नैतिक मतदान हेतु शपथ दिलाई।