Raids Against Illegal liquor: अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के क्रम में पुलिस वाहन पर पथराव, कई पुलिसकर्मी जख्मी
Raids Against Illegal liquor कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड के ग्राम चुटियारो में गुरुवार की रात अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के क्रम में पुलिस एवं धंधेबाजों में झड़प हो गई। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसमें दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
जयनगर (कोडरमा),संवाद सूत्र। कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड के ग्राम चुटियारो में गुरुवार की रात अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के क्रम में पुलिस एवं धंधेबाजों में झड़प हो गई। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। जयनगर थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान ने बताया कि वे अवैध महुआ शराब के खिलाफ अभियान चला रहे थे। चुटियारो चौक पर रामेश्वर साव की दुकान में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के धंधेबाजों ने एकजुट होकर पुलिस पर पत्थरबाजी की। इसमें दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं कुछ पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। हालांकि इस मामले में एक आरोपित युगल शव को पुलिस ने हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति अवैध शराब के कारोबार में पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।