Lok Sabha Polls 2019: मंडल लहर में बने थे सांसद, गायब होने का राज आज तक नहीं खुला
Lok Sabha Polls 2019. वर्ष 1991 में मंडल की लहर में जनता दल के टिकट पर सांसद बने प्रोफेसर मुमताज अंसारी के गायब होने के रहस्य पर से आज तक पर्दा नहीं उठ पाया है।
कोडरमा, जासं। वर्ष 1991 में मंडल की लहर में जनता दल के टिकट पर सांसद बने प्रोफेसर मुमताज अंसारी के गायब होने के रहस्य पर से आज तक पर्दा नहीं उठ पाया है। एक समय लालू प्रसाद यादव के करीबी रहे बिहार शरीफ के निवासी मुमताज अंसारी को लालू प्रसाद ने 1991 में कोडरमा से उम्मीदवार बनाकर विजयश्री दिलाई थी।
इसके बाद 1996 में उन्हें लालू प्रसाद ने बेटिकट कर स्व. रमेश प्रसाद यादव को कोडरमा से चुनाव लड़ाया था, लेकिन यह चुनाव वे हार गए थे। इसके बाद 1999 में मुमताज अंसारी पुन: एनसीपी के टिकट पर कोडरमा से चुनाव लड़े, लेकिन ज्यादा वोट नहीं ला सके थे।
वर्ष 2001 में अचानक उनके रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया। उनकी पत्नी ने हजारीबाग पुलिस को एक शिकायत पत्र देकर कहा था कि मुमताज अंसारी दिल्ली से गया जंक्शन में उतरने के बाद सड़क मार्ग से हजारीबाग गए थे। यहां से वे रांची के लिए निकले थे, जिसके बाद से उनका पता नहीं चल पाया।
उनकी पत्नी ने मुमताज अंसारी के सहयोगी पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया था। लेकिन एक पूर्व सांसद के इस तरह गायब होने की तह तक पुलिस आजतक नहीं पहुंच पाई। न तो पूर्व सांसद के शव का पता चल पाया और ना ही उनके इस तरह गायब होने के रहस्य पर से पर्दा उठ सका।