विवाह रुकवाने नाबालिग थाने पहुंची, बरात लौटी
minor in police station. झारखंड के कोडरमा में एक नाबालिग विवाह रुकवाने थाने पहुंच गई।
जागरण संवाददाता, मरकच्चो (कोडरमा)। नाबालिग का विवाह कानूनी तौर पर गलत है, लेकिन कुछ लोग कानून का उल्लंघन कर नाबालिग लड़कियों की शादी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में जागरूक लड़कियां परिवार वालों के फैसले के खिलाफ खुलकर सामने आ रही हैं। मरकच्चो के जामू में बुधवार की रात ऐसा ही मामला सामने आया। एक नाबालिग के विवाह के लिए बारात भी पहुंच चुकी थी। इसी बीच, नाबालिग शिकायत लेकर थाना पहुंच गई। इसकी सूचना मिलते ही बरात बिना शादी किए बैरंग लौट गई।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि जामू निवासी सीताराम शर्मा ने अपनी पुत्री का विवाह चौपनाडीह निवासी अरुण राणा के पुत्र राहुल कुमार से तय हुआ था। बुधवार की रात्रि धूमधाम से बरात लड़की के घर पहुंची। इसी बीच लड़की मौका देखकर फरार हो गई। लड़की के घर में नहीं रहने पर लड़की के माता पिता समेत वहां शादी में पहुंचे सभी सगे संबंधियों के होश उड़ गए। बरातियों को भी लड़की के गायब होने की सूचना मिली। हालांकि काफी देर तक बरातियों ने लड़की के आने का इंतजार भी किया, लेकिन लड़की नहीं लौटी तो बरात वापस लौट गई।
वहीं, थाना प्रभारी की सूचना पर सीडब्लूसी टीम के सदस्य नूतन कुमारी व जितेन्द्र कुमार भी थाने पंहुचे। वहां लड़की ने बताया कि वह अभी पढ़ना चाहती है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पसंद के लड़के के साथ शादी करना चाहती थी। लेकिन उसके माता पिता ने उसकी एक नहीं सुनी और मर्जी के खिलाफ उसकी शादी तय कर दी। बुधवार कि रात जब बरात उसके घर आयी तो वो मौका देखकर घर से फरार हो गई। लड़की के पिता कोलकाता में काम करते हैं। लड़की ने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी है। बहरहाल, मामले की छानबीन की जा रही है।