बिरहोर महिला की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन
प्रखंड के मुर्कमनाय पंचायत के बरियारडीह स्थित बिरहोर टोल
संवाद सूत्र, मरकच्चो (कोडरमा): प्रखंड के मुर्कमनाय पंचायत के बरियारडीह स्थित बिरहोर टोला में पिछले दिनों हुई दो घटनाओं के बाद यहां प्रशासन हरकत में आ गया है। यहां एक बिरहोर महिला के खुले आसमान के नीचे हुए जुडवां बच्चों के प्रसव के एक घंटे बाद ही एक बच्चे की मौत हो गई थी। वही बिरहोर कालोनी की ही एक बिरहोर महिला के समुचित इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। मामला सामने आने के बाद उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार मंगलवार को बिरहोर टोला पहुंच घटना को लेकर बिरहोर परिवारों से बातचीत किए। एसडीओ ने बिरहोर कालोनी की घटना को स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही बताया। उल्लेखनीय है कि बरियारडीह में कोडरमा गिरिडीह मुख्य मार्ग से सटे लगभग एक सौ मीटर के अंदर लुप्तप्राय आदिम जनजाति बिरहोर के लगभग तीस परिवारों के एक सौ से ज्यादा बच्चे व महिला पुरुष सदस्य रहते हैं। दुर्गापूजा के पूर्व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण एक बिरहोर महिला के प्रसव के एक घंटे बाद ही उसके दो नवजात में से एक की मौत हो गई थी। एक बिरहोर महिला की मौत भी इलाज के अभाव में हो गई थी। जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक पदाधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग का बयान कलमबद्ध करते हुए रिपोर्ट तलब किया था। घटना के बाद प्रशासन के लोगों का बिरहोर कालोनी में लगातार आना जाना जारी है। प्रखंड प्रशासन की भी नींद खुली है। कभी बीडीओ तो कभी सीओ तो कभी स्वास्थ्य विभाग की टीम बिरहोर कालोनी पंहुच बिरहोर परिवारों के हालचाल जानने में लगी है। बिरहोर परिवार के लोगों को क्या क्या सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं, इसकी जानकारी ली जा रही है । मंगलवार की सुबह स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिरहोर कालोनी में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया जहां बिरहोर परिवार के लोगों का कोविड समेत कई अन्य बिमारियों की जांच की गई।