विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़; 2 तस्कर गिरफ्तार

Published: Wed, 27 May 2026 03:14 PM (IST)

वन विभाग ने कोडरमा के सुजानपुर गांव में एसपी आवास के पीछे एक मकान से भारी मात्रा में अवैध लकड़ियां बरामद की हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, कोडरमा। वन विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडरमा शहर के सुजानपुर गांव स्थित एसपी आवास के पीछे एक मकान से भारी मात्रा में अवैध लकड़ियां बरामद की हैं। छापेमारी के दौरान विभाग ने दो कथित लकड़ी तस्करों सूरज साव और केवल साव को गिरफ्तार किया है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सौमित्र शुक्ला ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध रूप से लकड़ियों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में वन विभाग की विशेष टीम गठित की गई तथा एसपी से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग कर संयुक्त रूप से छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम से भारी मात्रा में लकड़ी का चिरान पटरा बरामद किया गया। जब्त लकड़ियों में शीशम, सागवान, सखुआ, गमहार और अकेशिया सहित कई महंगी प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं।

डीएफओ ने बताया कि करीब 13 ट्रैक्टर लकड़ियां जब्त की गई हैं। बरामद लकड़ियों की सटीक कीमत जब्ती सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, हालांकि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इसकी कीमत 15 से 20 लाख रुपये तक हो सकती है।

वन विभाग फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। विभाग ने संकेत दिया है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि लकड़ियां जिले के जंगलों से अवैध कटाई के बाद लायी गई है।

यह भी पढ़ें- 18 दिन से लापता है रांची की अदिति, ₹1 लाख का इनाम घोषित होने के बाद भी नहीं मिला सुराग

यह भी पढ़ें- ओडिशा-झारखंड को जोड़ने वाली बुरामारा-चाकुलिया रेल लाइन अटकी, वन विभाग की अनुमित का इंतजार