कोडरमा में साधु के भेष में आए ठग: महिला का मंगलसूत्र उड़ाया, ₹50 हजार नकदी छीनकर फरार
कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र में साधु के भेष में आए दो ठगों ने दो महिलाओं को चकमा देकर सोने का मंगलसूत्र और 50 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए।

बातचीत के दौरान एक ठग ने जमीन से मिट्टी उठाकर कागज की पुड़िया बनाई और पूजा देवी को थमा दी और दूसरे ठग ने हाथ की सफाई दिखाते हुए उनके गले से सोने का मंगलसूत्र उड़ा दिया।(साधु की प्रतीकात्मक तस्वीर।)
HighLights
साधु के भेष में आए दो ठगों ने की ठगी।
एक महिला का सोने का मंगलसूत्र उड़ाया गया।
दूसरी महिला से 50 हजार रुपये नकद छीने गए।
संवाद सूत्र, कोडरमा । कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़गी गांव (टाइगर क्लब इलाका) में सोमवार को साधु के भेष में पहुंचे दो शातिर ठगों ने दो महिलाओं को चकमा देकर सोने का मंगलसूत्र और 50 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए।
सफेद कपड़े पहने दोनों ठग भीख मांगने के बहाने गांव में घूम रहे थे। घटना सोमवार दोपहर की है, जब ठग सहदेव यादव के घर पहुंचे।
उस वक्त घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था और पूजा देवी तीज पूजा के लिए मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं।
दोनों के भीख मांगने पर पूजा देवी ने उन्हें 10 रुपये दिए और पीने के लिए पानी लाने लगीं। इसी दौरान ठगों की नजर उनके गले में पहने सोने के मंगलसूत्र पर पड़ी।
बातचीत के दौरान एक ठग ने जमीन से मिट्टी उठाकर कागज की पुड़िया बनाई और पूजा देवी को थमा दी। जब तक महिला कुछ समझ पातीं, दूसरे ठग ने हाथ की सफाई दिखाते हुए उनके गले से सोने का मंगलसूत्र उड़ा दिया।
इसी दौरान परिवार की एक अन्य महिला कंचन देवी ने भी आरोप लगाया कि दोनों ठग उनसे 50 हजार रुपये नकद छीनकर चंपत हो गए। एक ही घर की दो महिलाओं को निशाना बनाने के बाद आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।
महिला को ठगी का अहसास होते ही उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पूरे इलाके में ठगों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना जयनगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामला दर्ज कर संदिग्धों की पहचान करने और जांच में जुट गई है।
