कोडरमा के जेजे कॉलेज पर बढ़ा विवाद, मुख्य गेट पर तालाबंदी; 15 अगस्त के बाद होगा भूख हड़ताल
झुमरीतिलैया में जेजे कॉलेज की संबद्धता बदलने के विरोध में छात्रों और अभिभावकों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा, ...और पढ़ें

जेजे कॉलेज की संबद्धता बदलने का विरोध जारी। जागरण
HighLights
जेजे कॉलेज की संबद्धता बदलने का विरोध जारी।
कॉलेज गेट पर तालाबंदी, कामकाज पूरी तरह ठप।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) से जेजे कॉलेज को हटाने का मामला अब धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है।
मंगलवार को जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने जेजे कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी, जिससे कॉलेज का कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
जेजे कॉलेज समेत जिले के डिग्री कॉलेजों को विभावि से हटाकर गिरिडीह में निर्माणाधीन जेसी बोस विश्वविद्यालय में स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव को लेकर छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। धरना को संबोधित करते हुए अभिभावक शिल्पी सिंह ने कहा कि परिस्थितियों से लड़ते हुए सकारात्मक रुख के साथ आगे बढ़ने पर लंबी से लंबी लड़ाई भी जीती जा सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य के लिए भले ही जेजे कॉलेज का मुद्दा मामूली हो, लेकिन कोडरमा के लिए यह 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों और उनके परिवारों से जुड़ा सवाल है। छात्रों की एकजुटता के सामने सरकार और व्यवस्था को उनकी मांगों पर विचार करना ही पड़ेगा।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों और छात्रों से आंदोलन के समर्थन में आगे आने की अपील की। छात्राओं अनमोल कुमारी, खुशी कुमारी और सोनी कुमारी ने कहा कि छात्रों के हक और अधिकार की लड़ाई उनके सीनियर लड़ रहे हैं।
जेजे कॉलेज को गिरिडीह से जोड़ने का सबसे अधिक प्रभाव छात्राओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन अभी शुरुआती दौर में है और छात्र समुदाय बड़े पैमाने पर सड़कों पर नहीं उतरा है।
आने वाले दिनों में आंदोलन व्यापक रूप ले सकता है और हजारों छात्र सड़कों पर उतर सकते हैं। उन्होंने जिलेभर के छात्र-छात्राओं से आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
भूख हड़ताल फिलहाल स्थगित
धरना को जेएलकेएम के प्रवक्ता रविशंकर यादव, जयनगर के समाजसेवी सुरेंद्र भाई मोदी, राजद नेता विजय यादव, कांग्रेस नेता सईद नसीम और तौफीक हुसैन समेत अन्य लोगों ने नैतिक समर्थन दिया और संबोधित किया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेश भारती और सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि आंदोलन चरणबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जाएगा। पहले भूख हड़ताल की घोषणा की गई थी, लेकिन स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के तहत अनिश्चितकालीन धरना और तालाबंदी को प्रभावी तरीके से जारी रखा जाएगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
