कैंसर पीड़ित कोरोना पॉजिटिव, परिवार के आठ सदस्य क्वारंटाइन
प्रखंड मुख्यालय के पूर्वी पंचायत अंतर्गत एक गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि जमशेदपूर कैंसर हॉस्पिटल से गुरुवार को हुई है। सूचना के बाद स्थानीय मुखिया मोहम्मद नसीम के नेतृत्व में पीडित के घर एवं आसपास के इलाकों को सेनीटाइज किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कोरोना मरीज कैंसर से पीड़ित था वह 4 माह पहले मुंबई में कैंसर का इलाज के लिए रह रहा था जो 30 मई को फ्लाइट से अपने भाई के साथ रांची पहुंचा था।
संवाद सूत्र, चंदवारा : प्रखंड मुख्यालय के पूर्वी पंचायत अंतर्गत एक गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि जमशेदपुर के कैंसर हॉस्पिटल से गुरुवार को हुई है। सूचना के बाद स्थानीय मुखिया मोहम्मद नसीम के नेतृत्व में पीड़ित के घर एवं आसपास के इलाकों को सैनिटाइज किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कोरोना मरीज कैंसर से पीड़ित था, वह चार माह पहले मुंबई में कैंसर का इलाज के लिए रह रहा था। वह 30 मई को फ्लाइट से अपने भाई के साथ रांची पहुंचा था। रांची से एक टैक्सी के जरिए वह हजारीबाग होते हुए अपने पैतृक आवास चंदवारा पहुंचा। स्थानीय लोगों ने उसे कोरोना जांच कराने को लेकर दबाव बनाया और सदर अस्पताल के चिकित्सकों की सलाह पर उसे क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया। क्वारंटाइन सेंटर में चार दिन रहने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर दो जून को उसे कैंसर के इलाज के लिए जमशेदपुर कैंसर हॉस्पिटल ले जाया गया। इधर, 4 जून को आई रिपोर्ट में उक्त कैंसर पीड़ित के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। वहीं शुक्रवार को बीडीओ विनय कुमार और स्थानीय मुखिया मोहम्मद नसीम के द्वारा परिवार के चार बच्चो और तीन महिला समेत आठ सदस्यों को प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए जाने की तैयारी चल रही है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना पॉजिटिव की सूचना के बाद पूरे चंदवारा प्रखंड में दहशत का माहौल है। बीडीओ विनय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन से सूचना मिलने के बाद उक्त कैंसर पीड़ित के परिवार के अन्य सदस्यों को क्वारंटाइन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि उक्त मरीज 30 मई को घर से लगभग पांच सौ फीट की दूरी पर स्थित एक स्कूल भवन, जहां पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन बनाया गया था, वहीं पर रह रहा था। वहीं पर उसकी मां के द्वारा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए खाना पहुंचाया जाता था। बहरहाल संक्रमित मरीज का इलाज जमशेदपुर के अस्पताल में हो रहा है।