सादगी के साथ होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन
जयनगर प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार पूरी सादगी
संवाद सूत्र, जयनगर (कोडरमा): जयनगर प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार पूरी सादगी के साथ मनाया जाएगा। समारोह में 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग शामिल नहीं होंगे। यह जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में राष्ट्रहित में यह निर्णय लिया गया है। समारोह पूरी तरह शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मनाया जाएगा। इसमें शामिल होनेवाले सभी लोग चेहरे पर मास्क लगाकर ही समारोह में भाग लें। सभी विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यालय परिसर में 8:40 बजे, पशु चिकित्सालय में 9 बजे, बाल विकास परियोजना कार्यालय में 9:15 बजे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर में 9:35 बजे, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय जयनगर में 9:50 बजे, थाना परिसर में 10:10 तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में 10:30 बजे झंडारोहण का समय निश्चित किया गया है।