केटीपीएस पर बाहरी लोगों को काम देने का लगाया आरोप
संवाद सूत्र चंदवारा (कोडरमा) बांझेडीह फोर लाइन चौक पर शुक्रवार को संयुक्त विस्थापित
संवाद सूत्र, चंदवारा (कोडरमा): बांझेडीह फोर लाइन चौक पर शुक्रवार को संयुक्त विस्थापित मजदूर मोर्चा व स्थानीय विस्थापितों ने प्रेसवार्ता कर कहा कि केटीपीएस बांझेडीह के मुख्य एश पौंड निर्माण में स्थानीय विधायक व सांसद के चहेते को काम देकर विस्थापितों के साथ छल किया जा रहा है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं डीवीसी प्रबंधन से मांग की कि ऐश पांड में पूर्व में काम कर रहे स्थानीय विस्थापितों को काम दिया जाए। बिसोड़ीह, मझगावां, कंद्रपडीह, सिगारडीह, खेड़ोबर, डुमरडीहा, कांको, घंघरी, कोसमाडीह समेत कई गांव के लोग कंपनी में काम करते थे। इन्हें निकाल दिया गया है। जिनकी जमीन नहीं गई है, उन्हें स्थानीय सांसद व विधायक यहां काम दिला रहे हैं। एक सप्ताह में जिला प्रशासन एवं डीवीसी प्रबंधन स्थानीय विस्थापितों को काम नहीं देती है तो मोर्चा बाध्य होकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय विस्थापितों को रोजगार देने के लिए सूची जारी हुई लेकिन विस्थापित को काम नहीं मिला। कांट्रेक्टर कंपनी 90 प्रतिशत बाहरी लोगों को काम दे रही है। मौके पर जिप सदस्य महादेव राम, झामुमो नेता श्याम देव यादव, युवा नेता उमेश कुमार यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज सहाय पिकू, जिला उपाध्यक्ष आशीष पांडेय, अरुण कुमार यादव, वार्ड सदस्य उमेश यादव, अर्जुन चौधरी, शिव कुमार यादव, राजेश यादव, उपेंद्र यादव, सतीश भारती, प्रेम यादव समेत कई लोग मौजूद थे।