Jharkhand Ration Card: राशन कार्ड में जाति अपडेट पर लगी रोक, वोटर लिस्ट के अंतिम प्रकाशन तक करना होगा इंतजार
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य के कारण राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित ...और पढ़ें

राशन कार्ड में जाति अपडेट की प्रक्रिया स्थगित की गई।
HighLights
राशन कार्ड में जाति अपडेट की प्रक्रिया स्थगित की गई।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के कारण निर्णय।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। झारखंड राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को देखते हुए जनवितरण प्रणाली के तहत जारी राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। इसमें कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नोटिस चरण के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के सत्यापन की कार्रवाई चल रही है। इस कार्य में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के कर्मियों को लगाया है।
वहीं, जनवितरण प्रणाली के राशन कार्ड में जाति अपडेट कराने के लिए बड़ी संख्या में लाभुक प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। इससे संबंधित कार्यालयों के कर्मियों के निर्वाचन कार्य में लगे होने के कारण आवेदनों के निष्पादन में परेशानी हो रही है।
विभाग ने बताया कि राशन कार्ड में जाति अपडेट को लेकर पूर्व में भी एक और 28 जुलाई को निर्देश जारी किए गए थे। अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त पत्र के आलोक में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि तक राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की कार्रवाई स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
