झुमरीतिलैया पहुंची अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन यात्रा, सिख समाज ने किया भव्य स्वागत Koderma News
पाकिस्तान के ननकाना साहिब से चली अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन यात्रा रविवार की शाम 5 बजे बिहार के पटना व राजगीर होते हुए झुमरी तिलैया पहुंची। यहां से यात्रा हजारीबाग जाएगी।
कोडरमा, जासं। पाकिस्तान के ननकाना साहिब से चली अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन यात्रा रविवार की शाम करीब 7:00 बजे झुमरी तिलैया स्थित शिव वाटिका में पहुंची। इससे पूर्व महाराणा प्रताप चौक पर रथ का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुष रथ के स्वागत के लिए खड़े थे और रथ के पहुंचते ही जो बोले सो निहाल... सत श्री अकाल..., वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह... से पूरा इलाका गुंजायमान होता रहा।
एक सुसज्जित रथ में ननकाना साहिब से गुरु नानक देव जी की हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहब के दर्शन के लिए श्रद्धालु भक्त उतावला थे। वहीं रथ में गुरु नानक देव जी का तलवार, अन्य अस्त्र-शस्त्र व खड़ाऊ को सुसज्जित कर लाया गया था। यहां स्वागत के बाद रथ झुमरी तिलैया के शिव वाटिका पहुंची, जहां अरदास के बाद लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात रथ हजारीबाग के लिए रवाना हो जाएगी।
यात्रा के स्वागत के लिए झुमरीतिलैया पहुंचे राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य विश्व शांति है। यह गुरु नानक देव जी के 550वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही है।
यात्रा में गुरु नानक देव जी महाराज द्वारा हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहब, गुरुनानक देव जी का खड़ाऊं समेत कई दुर्लभ वस्तुएं लोगों के दर्शनार्थ है। यात्रा हजारीबाग में रात्रि विश्राम के बाद तोपचांची होते हुए 26 अगस्त को धनबाद पहुंचेगी। धनबाद से निरसा होते हुए यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी। इसके बाद 31 एवं 1 सितंबर को जमशेदपुर होते हुए 2 सितंबर को रांची पहुंचेगी। यहां से गुमला होते हुए यात्रा ओड़िसा में प्रवेश करेगी।